दक्षिण कश्मीर के शोपियां इलाके में बुधवार सुबह एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूत्रों के मुताबिक बुधवार सुबह कुछ स्थानीय लोगों ने शोपियां के निकट वाथू इलाके में खून से लथपथ एक युवक का शव देखा।
बताया जा रहा है कि युवक के गले पर धार दार हथियार के निशान भी थे जिससे आंशका जताई जा रही है कि युवक की गला रेत कर हत्या की गई होगी। मृत युवक की पहचान शोपियां के ही एजाज अहमद लोन के रूप में हुई है। वह शोपियां के गाटीपोरा इलाके का निवासी बताया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक मृत युवक पेशे से अध्यापक था।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक इस घटना के पीछे आतंकियों का हाथ होने की भी आशंका जताई जा रही है लेकिन इसकी अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नही हुई है। घटना के बाद पुलिस ने मौके से पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर के पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया। वही शव मिलने की सूचना मिलने से पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।