अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। आल जेएंडके अनुबंध लेक्चरर फोरम ने प्रदर्शनी मैदान में मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। लेक्चरों ने स्पष्ट कर दिया है कि मांगों को लेकर आने वाले समय में उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा। प्रदेश सरकार लेक्चररों की मांगों को अनसुना कर रही है। लेक्चरर लंबे समय से नियमित होने की मांग कर रहे हैं। वहीं, लेक्चररों की भूख हड़ताल बुधवार को 221वें दिन में प्रवेश कर गई है। फोरम के अध्यक्ष अरुण बख्शी ने बताया कि लेक्चररों को सिविल सर्विस स्पेशल प्रोविजन एक्ट 2010 के तहत नियमित किया जाना है। मांग की ओर प्रदेश सरकार ध्यान ही नहीं दे रही है। इससे लेक्चरर काफी तनाव में हैं। लेक्चरर अपनी नियमितीकरण की जायज मांग प्रदेश सरकार से कर रहे हैं। प्रदेश सरकार को लेक्चररों को जल्द से जल्द नियमित करना चाहिए। लंबे समय तक सरकारी स्कूलों में लेक्चररों ने सेवाएं दी हैं। इस मौके पर ज्यादा संख्या में लेक्चरर मौजूद रहे।