आरएस पुरा। गांव जब्बोवाल के युवक का रहस्मय परिस्थितियों मिले शव मामले में परिवार के लोग काफी भड़क गए। उन्होंने मंगलवार को दलजीत चौक में शव सड़क पर रख कर प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि युवक की हत्या की गई है। लिहाजा इस मामले की गंभीरता से जांच की जाए और दोषियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को 23 वर्षीया सुनील कुमार पुत्र कृष्ण लाल का शव गांव के पास खेतों में मिला था। मृतक के दो बड़े भाई रवि कुमार व राकेश कुमार सहित परिजनों का कहना है कि उसके भाई सुनील कुमार के साथ ग्रामीणों ने जिस युवक को देखा है उसके बारे में आरएस पुरा पुलिस को जानकारी देने पर अभी तक नहीं पकड़ा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में पुलिस लापरवाही बरत रही है। इस मामले की जांच की जानी चाहिए। आखिर सुनील की हत्या क्यों की गई है। प्रदर्शनकारियों के बीच पूर्व मंत्री चौधरी शाम लाल भी पहुंचे और आरएस पुरा थाना प्रभारी विशनेश कुमार से इस मामले की जांच कर दोषी लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की। इसके साथ ही मांगी कि इस मामले में पूरी तत्परता दिखाई जाए और दोषियों को तत्काल गिरफ़्तार किया जाए।
थाना प्रभारी विशनेश कुमार ने कहा कि जिस युवक के बारे में बताया जा रहा है कि पुलिस उसकी तलाश कर रही है। इस मामले में धारा 174 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। बाद में परिजन सुनील का शव उठाकर गांव में ले गए और उसका अंतिम संस्कार कर दिया।