कठुआ। जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए विभिन्न सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। इनमें दो की हालत गंभीर है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार कठुआ के कालीबड़ी के पास रविवार की देर रात और सोमवार दोपहर को हुए सड़क हादसों में चार लोग काल का ग्रास बन गए। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया।
सोमवार को जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक ट्यूब पर भारी जाम लगा हुआ था, जिस कारण ट्रैफिक डायवर्ट किया गया था। मग्गर खड्ड के पास एक बाइक को ट्रक ने टक्कर मार दी, जिसमें बाइक सवार मनोहर लाल (62) और उनकी पत्नी तारा देवी निवासी उत्तरी कठुआ गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डाक्टरों ने दोनों को मृत लाया घोषित कर दिया।
उधर, रविवार की देर रात कालीबड़ी के पास कार-ट्रक (पीबी03एम-9985) की टक्कर में कार सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी पहचान साहिल रंधावा (26) निवासी सैनिक कॉलोनी (जम्मू), राहुल गंडोत्रा (27) निवासी पक्का डंगा, राहुल भगत निवासी पहाड़िया मोहल्ला और तरुण आनंद निवासी जैन बाजार (जम्मू) गंभीर रूप में हुई है। सभी को उपचार के लिए जिला अस्पताल कठुआ पहुंचाया गया, जहां पर डाक्टरों ने साहिल और राहुल गंडोत्रा को मृत लाया घोषित किया। उधर, राहुल भगत और तरुण को प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया।