पुंछ। सोमवार को राज्यपाल एनएन वोहरा ने पुंछ का दौरा कर डाक बंगला में जिले के सभी प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में चल रहे विकास कार्यों के बारे में जानकारी हासिल की। इस मौके पर उन्होंने पुंछ में चल रहे विकास कार्यों को गति देने के लिए अतिरिक्त 6.5 करोड़ की राशि जारी करने की घोषणा की। उन्होंने अधिकारियों को जनता की समस्या का समय सीमा में समाधान करवाने के निर्देश दिए। बैठक के बाद मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए वोहरा ने कहा कि राज्यपाल शासन लगने के बाद सभी राजनीतिक दलों और आम लोगों ने कई समस्याएं के बारे में बताया है। लोगों की समस्याओं को जानने और उनका निवारण करने के लिए सभी जिलों का दौरा करने वाला हूं। पहले मैंने श्रीनगर का दौरा किया और उसके बाद पुंछ के दौरे पर आया हूं। यहां अधिकारियों के साथ बैठक कर लोगों की समस्याओं का समाधान करवाने का प्रयास किया जाएगा। यदि जनता की समस्याओं का समाधान करवाने के लिए कुछ कडे़ कदम भी उठाने पड़ेगें तो उठाए जाएंगे। राज्यपाल ने करीब तीन घंटे तक जिला अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक का समापन राष्ट्रगान से किया गया। बैठक में उनके तीनों सलाहकारों के साथ ही जिला विकास आयुक्त पुंछ राहुल यादव की अगुवाई में जिले के सभी विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।