चिनैनी। कुद थाना क्षेत्र की पंचायत करलाह के गली गांव में एक महिला का शव देवदार के पेड़ से लटका मिला है। परिजनों ने आशंका जताई है कि उसकी हत्या करके लटकाया गया है। उन्होंने प्रशासन व पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार की शाम को जब गांव करलाह की महिला कौशल्या देवी (43) अपने घर नहीं पहुंची तो परिवार के सदस्य व स्थानीय लोगों ने उसकी तलाश जंगल में शुरू की। घंटो बाद महिला का शव जंगल में देवदार के एक वृक्ष से लटका मिला ।
महिला के पति शंकर लाल का आरोप है कि उनकी पत्नी की हत्या कर फंदे से लटकाया गया है, जबकि बेटा सुदेश कुमार, गोपाल कृष्ण ने भी हत्या की आशंका जताई है, और उनका कहना था कि जो भी दोषी है उसे जल्द से जल्द हिरासत में लिया जाए।
उन्होंने कहा कि भेड़ बकरियां चराने के लिए वह जंगल में घर से करीब एक डेढ़ किलोमीटर दूर गई थी तथा जब शाम को पशु घर आ गए और महिला घर नहीं पहुंची तो स्थानीय लोगों के साथ वह उनकी तलाश में निकल पड़े।
घंटों तलाश करने के बाद कौशल्या का शव पेड़ से लटका मिला, जबकि उसके पैर जमीन को छू रहे थे। इससे उन्हें यह आशंका है कि उनकी हत्या की गई है, उनकी हत्या के पीछे कौन है उसे जल्द से जल्द पकड़ा जाना चाहिए ताकि उसे कड़ी से कड़ी सजा मिल सके।
उधर बुधवार को महिला के शव का पोस्टमार्टम चिनैनी के सीएचसी अस्पताल में तीन डॉक्टरों की टीम ने किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।