73वीं नेशनल फुटबाल चैंपियनशिप संतोष ट्रॉफी में मेजबान जम्मू-कश्मीर ने जीत के साथ अपने सफर की शुरुआत की है। सोमवार को श्राइन बोर्ड स्पोर्ट्स कांपलेक्स कटड़ा में संतोष ट्रॉफी का आगाज हुआ। 6 दिवसीय प्रतियोगिता में नार्थ जोन की 8 टीमें भाग ले रही हैं।
प्रतियोगिता के पहले दिन दो मुकाबले हुए। पहले मैच में दिल्ली ने चंडीगढ़ और दूसरे मैच में मेजबान जम्मू-कश्मीर ने उत्तराखंड को हराया। राज्यपाल सलाहकार के विजय कुमार ने इस दौरान मुख्य अतिथि मौजूद रहे। दिल्ली ने शानदार खेल दिखते हए मैच 1-0 से अपने नाम किया। दिन के दूसरे मैच मेजबान जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के बीच खेला गया।
वहीं मेजबान टीम के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मैच 3-1 से अपने नाम किया। कप्तान गौतम मेहरा ने मैच का पहला गोल कर टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई। इस दौरान उत्तराखंड ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए एक गोल किया। मेजबान टीम के शक्ति ने अपनी टीम के लिए दूसरे गोल करके मैच पर पकड़ मजबूत कर ली।
उत्तराखंड की ओर से मैच में वापसी करने के कई प्रयास किए गए पर वह दूसरा गोल नहीं कर सका। इस बीच मेजबान टीम के आकिफ जावेद ने टीम के लिए आखिरी और विजय गोल कर मैच को अपने नाम किया। इसके साथ ही मेजबान टीम ने जीत के साथ प्रतियोगिता अपने नाम की। प्रतियोगिता का आयोजन फुटबाल फेडरेशन ने श्राइन बोर्ड के सहयोग से किया है।