सांबा। भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाक रेंजरों की ओर से सीजफायर का बार-बार उल्लंघन करने पर सीमावर्ती किसान दहशत में हैं। किसानों के अनुसार अब उन्हें एक बार फिर से पुराने दिनों की यादें ताजा होने लगी हैं। किसान पूर्ण सिंह, सोहन सिंह, बलकार, मनोहर आदि ने बताया कि जब भी सीमा पर पाक की ओर से गोलीबारी शुरू की जाती है तो वह लोग परिवार को लेकर चिंतित हो जाते हैं। उनके अनुसार उन्होंने बुरे दिन देखे हैं। जब अपने परिवारों को लेकर सुरक्षित स्थानों की ओर जाना पड़ता है। उन्होंने बताया कि हीरानगर में एक सप्ताह में दूसरी बार पाक रेंजरों ने गोलीबारी की है। जिस पर उन्हें भी चिंता सता रही है। किसानों के अनुसार पाक पर कभी भी भरोसा नहीं किया जा सकता है। कब किस समय वह गोलीबारी कर दें। इसके लिए सीमावर्ती लोगों का हाल भी बुरा होकर रह गया। उनके अनुसार बीएसएफ की ओर से भी उन्हें सतर्क रहने को कह दिया जाता है। ब्यूरो
सीजफायर उल्लंघन पर बीएसएफ के अधिकारियों ने किया सीमा का दौरा
सांबा। भारत-पाक सीमा पर पाक रेंजरों की ओर से सीजफायर का उल्लंघन किए जाने का सिलसिला जारी है। गत दिनों भी पानसर मनियारी में एक सहायक कमांडेंट को स्नाईपर का निशाना बना कर शहीद कर दिया गया था, जबकि वीरवार की को भी हीरानगर सेक्टर में पाक रेंजरों ने गोलीबारी की थी। इसी के चलते बीएसएफ के एडीजी सुरिंद्र पवार ने सीमा के अग्रिम मोर्चों पर पहुंच कर जवानों का हौसला बढ़ाया। रक्षा सूत्रों से के अनुसार बीएसएफ के एडीजी सुरिंद्र पवार, आईजी बीएसएफ एनएस जमवाल, डीआईजी सुखदेव राज और 173 वीं वाहिनी के कमांडिंग अधिकारी एसएस रठौर भी उनके साथ थे। उन्होंने पहले सीमावर्ती पोस्ट मंगुचक में पहुंच कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया, जवानों का हौसला बढ़ाया। बाद में उन्होंने सीमावर्ती पोस्ट बैनगलाड पहुंच कर जवानों के साथ बातचीत की व जवानों और अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा। ब्यूरो