जम्मू। टीम इंडिया के आलराउंडर खिलाड़ी इरफान पठान ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में प्रतिभा है, लेकिन अनुभव की कमी है। बुनियादी ढांचे के मजबूत न होने से युवा क्रिकेटरों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उचित मुकाम नहीं मिल पाता है। उम्मीद है कि आगामी समय में राज्य के क्रिकेटर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलेंगे।
इंग्लैंड में 2019 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया की भूमिका पर इरफान ने कहा कि वह इस सेशन क्रिकेट को खेलने के साथ मनोरंजन करेंगे। जम्मू के जीजीएम साइंस कालेज के हास्टल मैदान पर सीनियर व अंडर 23 आयु वर्ग के कैंप में इरफान ने युवा क्रिकेटरों को बल्लेबाजी और गेंदबाजी के टिप्स दिए।
जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन (जेकेसीए) में युवा क्रिकेटरों को आगामी घरेलू सेशन के लिए तैयार कर रहे इरफान ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में युवा प्रतिभा को निखार देने का काम किया जा रहा है। इससे पहले श्रीनगर में रणजी सहित अन्य घरेलू सेशन के लिए लगाए गए कैंप में इरफान ने क्रिकेटरों को टिप्स दिए थे।
इरफान कहा कि महेंद्र सिंह धोनी टीम इंडिया का स्तंभ रहे हैं। उनके मार्गदर्शन और नेतृत्व में टीम इंडिया ने कई चुनौतीपूर्ण मौकों पर बेहतरीन प्रदर्शन करने किया। टीम इंडिया में बेहतर खेलने और प्रदर्शन करने की भरपूर क्षमता है। वर्ष 2003-2004 में पूर्व कप्तान सौरभ गांगुली के नेतृत्व में भी टीम इंडिया का अलग चेहरा था। धोनी के नेतृत्व में टी-20 वर्ल्ड कप सहित कई बड़ी जीत हासिल की हैं। मौजूदा विराट कोहली के नेतृत्व में भी टीम इंडिया बेहतर प्रदर्शन करने में कामयाब रही है। कोहली खुद बेहतर प्रदर्शन करने के साथ युवा टीम को प्रोत्साहित करते हैं। वह कप्तान की कुर्सी पर रहकर मनोबल बढ़ाने का काम करते हैं।
कैंप में सौ क्रिकेटर पहुंचे
जम्मू में लगाए गए कैंप में करीब सौ क्रिकेटर पहुंचे। इनमें रणजी और आगामी घरेलू प्रतियोगिताओं के लिए संभावित क्रिकेटरों का चयन किया जाएगा। इससे पूर्व पठान ने साइंस कालेज में एक क्रिकेट प्रतियोगिता में विजेता खौड़ क्लब और उपविजेता सिंह क्रिकेट क्लब के खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया था।