बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए देशभर से शिव भक्तों का पहुंचना जारी है। बुधवार को 15185 भक्तों ने बाबा के दरबार में हाजिरी दी।
पांच दिन में यात्रा का आंकड़ा 71103 तक पहुंच गया है। उम्मीद है कि अगले दो दिन में यह आंकड़ा एक लाख के पार हो जाएगा। इस बीच, आधार शिविर भगवती नगर जम्मू से 1821 यात्रियों का जत्था रवाना हुआ।
इसमें 1262 पुरुष 359 महिलाएं और 200 साधु शामिल रहे, जो देर शाम तक बालटाल और पहलगाम बेस कैंप में पहुंच चुके थे। शालामार स्थित महाजन हाल में पहलगाम रूट के लिए बुधवार को 969 यात्रियों का करंट पंजीकरण किया गया। सरस्वती और वैष्णवी धाम में भी करंट पंजीकरण जारी है।
तीनों केंद्रों पर टोकन सिस्टम से पंजीकरण किया जा रहा है। यात्रियों ने पंजीकरण कोटा बढ़ाने की मांग की है। श्री राम मंदिर पुरानी मंडी में साधु संतों का जमावड़ा लगा है।
यहां करंट पंजीकरण किया जा रहा है। पारंपरिक पहलगाम और बालटाल रूट पर यात्रा के लिए मौसम अनुकूल है। आधार शिविर भगवती नगर जम्मू में बुधवार देर शाम तक 900 यात्री पहुंच गए थे।