रामबन। बनिहाल से एसएसबी जवान और डिगडोल से ग्रेफ कर्मचारी के संदिग्ध परिस्थितियों में शव बरामद हुए हैं। जानकारी के अनुसार रविवार सुबह डीगडोल क्षेत्र में खाई में एक व्यक्ति का शव देखा गया। रामबन पुलिस ने शव को बरामद कर जिला अस्पताल रामबन के शवगृह में पहुंचाया है। मृतक की पहचान सुरेंद्र पाल पुत्र धर्म चंद निवासी रतनगढ़ (पठानकोट) पंजाब के रूप में हुई है, जो कश्मीर में ग्रेफ में कार्यरत था। वहीं, बनिहाल में शनिवार शाम को टीसीपी के नजदीक संदिग्ध परिस्थितियों में एक एसएसबी जवान का शव बरामद हुआ है। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा कर शव को एसएसबी के हवाले कर दिया। मृतक की पहचान एसएसबी 11 बटालियन जी कंपनी जवान दिनेश कुमार ठाकुर पुत्र बेखम लाल ठाकुर निवासी छत्तीसगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है।