विजयपुर। नेशनल कांफ्रेंस और पीडीपी निकाय व पंचायत चुनाव का बहिष्कार कर हुर्रियत की भाषा बोल रही है। अनुच्छेद 35-ए के नाम पर लोगों को गुमराह किया जा रहा है। यह आरोप विधायक चंद्र प्रकाश गंगा ने लगाया।
बुधवार को पूर्व मंत्री नथवाल का दौरा कर मुख्य मार्ग पर तारकोल डलवाने का काम शुरू करवाया। इस दौरान ग्रामीणों ने समस्याओं से अवगत करवाया और जल्द समाधान का आश्वासन दिया। भाजपा विधायक ने कहा कि चुनाव के दौरान किए वादों को पूरा किया जा रहा है। जब से केंद्र में मोदी सरकार आई है, तभी से हर वर्ग के लोगों का ध्यान रखा जा रहा है। वहीं प्रधानमंत्री जन धन योजना, अटल पेंशन योजना, सुरक्षा बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड समेत अन्य योजना के बारे में लोगों को जागरूक कर उनका लाभ उठाने की अपील की। उधर, कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर जागरूक करने की अपील की। इस मौके पर कई अधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।