कठुआ। जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को कार और ट्रक में हुई टक्कर में पांच लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल कठुआ पहुंचाया गया। जहां से एक घायल को जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक पीबी06ए-2176 और कार पीबी35क्यू-4737 में जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर का अंदाजा इसी बात से लगाई जा सकती है कि कार ट्रक के नीचे जा घुसी। इस हादसे में पांच लोग घायल हो गए। घायलों की पहचान फतेह सिंह निवासी पठानकोट, कुलवंत कौर पत्नी सुरेंद्र सिंह, रुपिंदर जीत कौर पत्नी कुलजीत सिंह, जसलीन प्रीत सिंह पुत्र कुलजीत सिंह और लवलीन प्रीत सिंह पुत्र कुलजीत सिंह सभी निवासी पठानकोट के रूप में हुई है। सभी को स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल कठुआ पहुंचाया गया। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद सभी को डाक्टरों ने अपनी निगरानी में रखा जबकि एक व्यक्ति को जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया।