फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नौशेरा को जिला बनाने की मांग पर तीसरे दिन भी बंद

विज्ञापन
विज्ञापन
नौशेरा बाजार पूरी तरह बंद
विज्ञापन

जिला बनाने की मांग पर विभिन्न संगठनों ने तीसरे दिन भी किया प्रदर्शन, राज्य सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

अमर उजाला ब्यूरो
नौशेरा।
नौशेरा को जिला बनाने की मांग पर तीसरे दिन भी नौशेरा पूरी तरह बंद रहा। कसबे के बाजार में एक भी दुकान नहीं खुली दिखी। इस मौके पर विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने राज्य की भाजपा-पीडीपी सरकार पर नौशेरा की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की।
रविवार को नौशेरा को जिला बनाने की मांग पर एक रोष रैली निकाली गई। यह रोष रैली मुखर्जी चौक, झांगड़ चौक, मुख्य बस अड्डा से होकर गुजरी। रैली में व्यापार मंडल, सीनियर सिटिजन फोरम, सनातन धर्म सभा, बार एसोसिएशन और अन्य कई संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। व्यापार मंडल नौशेरा के प्रधान सुभाष कपूर ने कहा कि राज्य की गठबंधन सरकार कश्मीर में पत्थर मारने वालों को रोजगार मुहैया करवा रही है, तो दूसरी ओर अमन पसंद नौशेरा के लोगों की उपेक्षा कर रही है। उन्होंने कहा कि पहले नौशेरा को जिला बनाने के बजाय राजोरी को जिला बना दिया गया और अब कोटरंका में एडीसी बैठा दिया गया। बार-बार की उपेक्षा से तंग आकर ही अब स्थानीय लोगों ने मन बना लिया है कि वे किसी भी कीमत पर अपना हक लेकर रहेंगे। यही वजह है कि तीसरे दिन भी बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतरे हैं। व्यापारियों का भी इस आंदोलन को पूरा समर्थन मिल रहा है। यही वजह कि तीसरे दिन भी नौशेरा में एक भी दुकान नहीं खुली और सभी व्यापारियों ने नौशेरा को जिला बनाने के लिए अपनी कमर कस ली है। इसी तरह बार एसोसिएशन और अन्य संगठनों का भी इस आंदोलन को पूरा समर्थन हासिल है। इसलिए यदि सरकार यह सोच रही है कि आंदोलन कमजोर पड़ जाएगा तो यह उसका भ्रम है। जब तक नौशेरा को जिला नहीं बनाया जाता, आंदोलन खत्म नहीं होगा। सरकार को नौशेरा की जनता के आगे झुकना ही होगा। नौशेरा को जिला बनाने के लिए इस बार स्थानीय लोग कोई भी कुर्बानी देने के लिए तैयार हैं। इस मौके पर एडवोकेट पृथ्वीराज खोखर, अशोक वर्मा, जगदीश चंद साहनी, अशोक शर्मा, एडवोकेट हक नवाज चौधरी, एडवोकेट वरुण गुजराल, इमरान बट, धर्मवीर गुप्ता, रामगोपाल, रिपु दमन कोहली, विवेक आनंद, नरेंद्र शर्मा, रोहित गुप्ता आदि लोग मौजूद थे।
विज्ञापन
विज्ञापन



सड़क बंद कर दिया धरना
नौशेरा। रविवार को नौशेरा को जिला बनाने की मांग पर निकाली गई रोष रैली नौशेरा मुख्य चौक पर धरने में बदल गई। वहां रैली में शामिल लोगों ने सड़क जाम कर धरना शुरू कर दिया। इस मौके पर व्यापार मंडल नेकां के जलाल चौधरी ने कहा कि इस समय राज्य और केंद्र में भाजपा की सरकार है। उसे लोगों की मांग को पूरा करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो जम्मू में भी नौशेरा को जिला बनाने की मांग को बुलंद किया जाएगा। ब्यूरो
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें