अरनिया। सांसद ने कहा कि मैं जितनी बार यहां आया तो लोगों की हमेशा से यही मांग रहती थी कि पाक गोलाबारी से हमें काफी नुकसान होता है। इस पर केंद्र सरकार से प्रभावित गांवों के लिए समूह बंकर का फंड मंजूर कराया। उसके बाद लोगों ने अपने घरों में बंकर बनाने की मांग रखी, जिस पर साढ़े चार सौ करोड़ का फंड मंजूर कराया गया है और जल्द ही कार्य शुरू हो जाएगा।
वह रविवार को गांव पोयाल व अला के दौरे पर आए थे। इस दौरान उन्होंने गांव पोयाल में दस लाख की लागत से तैयार होने वाली गली का उद्घाटन किया। साथ ही क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों में कंबल भी वितरित किए। सांसद ने कहा कि इससे पहले भी हमारी लोक सभा सीट पर जीत कर कई सांसद आए मगर उन्होंने कभी अरनिया क्षेत्र का दौरा नहीं किया और न ही विकास कार्य कराए। हमारी सरकार हर वर्ग के साथ है और सभी का ख्याल रख रही है।
पूर्व विधायक अश्वनी शर्मा ने कहा कि जब से जुगल शर्मा सांसद बने हैं तब से लोगों को पता चला कि लोक सभा में मतदान करके कितना बड़ा विकास कार्य कराया जा सकता है। इस मौके पर खंड विकास अधिकारी निपुण टिक्कू, अरनिया मंडल प्रधान रमेश सैनी, सुपिंद्र शर्मा, नरेंद्र सिंह, भारत भूषण सैनी, राकेश कुमार, मोहन लाल सैनी, यश बुड्ढा आदि भी मौजूद रहे।