जम्मू-कश्मीर से लगती भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर भले ही कुछ दिनों से शांति है, लेकिन अभी भी सीमा पार आतंकी ढांचा बरकरार है। सीमा सुरक्षा बल (जम्मू फ्रंटियर) के आईजी राकेश शर्मा ने कहा कि भले ही अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अमन है, लेकिन 60-70 आतंकी अभी भी वहां मौजूद होने के इनपुट उनके पास हैं।
इसके अलावा वहां 8-10 आतंकी प्रशिक्षण शिविर अभी भी सक्रिय है। उन्होंने कहा कि 9 से 12 सितंबर तक बीएसएफ और पाक रेंजरों की डीजी स्तर की बैठक के कुछ अच्छे परिणाम आए हैं, लेकिन सीमा पर बीएसएफ जवान उसी तरह सतर्क हैं, जैसा नौ सितंबर के पहले थे।
बीएसएफ सीमा पार की तमाम गतिविधियों पर लगातार पैनी नजर रख रही है। पड़ोसी देश को हलके में नहीं लिया जा सकता है। आईजी शर्मा शहीद जवानों की याद में आयोजित समारोह में भाग लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। शर्मा ने स्वीकार किया कि उन्हें इनपुट मिले हैं कि सीमा पार लांचिंग पैड अभी भी बने हुए हैं।