उत्तरी कश्मीर में एलओसी के उस पार लांचिंग पैड पर 60-70 आतंकी घुसपैठ के लिए तैयार हैं। 19 डिव बारामुला के जीओसी आरपी कलीता के अनुसार आतंकियों की गतिविधियों पर पैनी निगाह रखी गई है। घुसपैठ की किसी भी कोशिशों को सफल नहीं होने दिया जाएगा।
गुलमर्ग से नौगाम सेक्टर तक की जिम्मेदारी संभाल रहे कलीता ने एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि घुसपैठ के दौरान आतंकी कयूम नजर को मार गिराना सुरक्षाबलों के लिए एक बड़ी कामयाबी है क्योंकि वह एक पुराना आतंकी था जिसका नेटवर्क बहुत मजबूत था।
उसे सोपोर और आस-पास के इलाकों में आतंकवाद की जड़ों को मजबूत करने के लिए भेजा गया था लेकिन उससे पहले ही उसे ढेर कर दिया गया। कयूम नजर को मार गिराने से पूर्व सेना द्वारा उड़ी सेक्टर में जैश के चार फिदायीनों को मार गिराया गया था जो सेना के कलगई यूनिट को निशाना बनाने पहुंचे थे।