जम्मू। प्रदेश में रविवार को कोरोना संक्रमण के 569 नए मामले आए। इसके साथ ही नौ मरीजों ने दम तोड़ दिया। इसमें जम्मू संभाग से पांच और कश्मीर संभाग से चार मौतें हुई हैं। राहत यह रही कि 890 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। कोरोना मरीजों का आंकड़ा जम्मू-कश्मीर में 83633 पर पहुंच गया है। हालांकि, एक्टिव मामले 10466 ही रह गए हैं।
जिला स्तर पर बात करें तो जम्मू जिले में 108, राजोरी में छह, उधमपुर में 12, डोडा में चार, कठुआ में 11, पुंछ में 24, सांबा में 11, किश्तवाड़ में पांच, रामबन में 12 और रियासी में 14 नए मामले आए। कश्मीर संभाग की बात करें तो श्रीनगर जिले में 147, बडगाम में 48, बारामुला में 42, पुलवामा में 23, कुपवाड़ा में 20, अनंतनाग में 35, बांदीपोरा में 12, गांदरबल में 20 और कुलगाम में दस व शोपियां में पांच नए मामलों की पुष्टि हुई है। प्रदेश में सक्रिय में 4454 जम्मू संभाग और 6012 मामले कश्मीर संभाग में हैं। वहीं मौतों का आंकड़ा बढ़कर 1322 पर पहुंच गया हैं। अब तक 1839765 टेस्ट हुए हैं।