उधमपुर। शहर व साथ लगते इलाकों में मौजूद निजी स्कूलों में नए सत्र के लिए एडमिशन करना शुरू कर दिया है। इसके साथ ही कुछ निजी स्कूलों की मनमानी भी शुरू हो चुकी है। कुछ निजी स्कूल अभिभावकों को स्कूल से यूनिफार्म खरीदने को मजबूर कर रहे हैं और कुछ ने किताबें खरीदने के लिए मजबूर करना शुरू कर दिया है। इसके अलावा कुछ स्कूलों ने अभिभावकों के घर नोटिस भेज बुक सेट खरीदने के आदेश जारी कर दिए हैं।
जब भी नए शिक्षा सत्र की एडमिशन होती है तो निजी स्कूलों की मनमानि सामने आती है। स्कूलों की तरफ से मनमानी एडमिशन फीस वसूली जाती है। इसके अलावा अभिभावकों को किताबें खरीदने के लिए मजबूर किया जाता है। शिकायत मिलने पर प्रशासन व शिक्षा विभाग की तरफ से औपचारिकता के लिए कमेटी का गठन कर दिया जाता है, लेकिन आज तक किसी निजी स्कूल पर सख्त कार्रवाई होते हुए नहीं देखी गई है। इसी कारण हर बार निजी स्कूल मनमानी करते हैं।
शिकायत पर अभी तक नहीं उठाया गया कोई कदम
शहर में एक निजी स्कूल ने विद्यार्थियों के अभिभावकों को नोटिस भेजा है, जिसमें कहा गया है कि एडमिशन के साथ इस बार बुक सेट स्कूल से ही खरीदना होगा। कुछ लोगों ने इसकी शिकायत डीसी पीयूष सिंगला से की है। पीयूष सिंगला ने इसको लेकर जांच करवाने का आश्वासन दिया है, लेकिन अभी तक ऐसा कुछ किया नहीं गया है।