जम्मू से सिखों का एक जत्था पाकिस्तान स्थित ‘जन्म स्थान गुरुद्वारा ननकाना साहिब जाएगा। सरकार से वीजा के लिए 57 लोगों ने आवेदन किया था जिसमें से 42 लोगों को जाने की अनुमति दी गई है। यह लोग ननकाना साहिब के लिए जाएंगे। शनिवार को इन लोगों में पासपोर्ट बांटे गए। जम्मू से जाने वाले जत्थे को 72 घंटे पहले की कोविड रिपोर्ट अपने साथ लेनी होगी जिसके आधार पर ही उन्हें प्रवेश दिया जाएगा।
गुरु तेग बहादुर की जयंती पर शहर भर में होंगे सांस्कृतिक-धार्मिक कार्यक्रम
संभागीय आयुक्त डॉ. राघव लंगर ने शनिवार को नौवें गुरु तेग बहादुर जी की 400 वीं जयंती के अवसर पर जम्मू में आयोजित होने वाली गतिविधियों पर चर्चा के लिए एक बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में अतिरिक्त सचिव, सांस्कृतिक अकादमी ने संभागीय आयुक्त को जम्मू में 1 और 16 मई तक मनाए जाने वाले कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर डीजीपी: बिजबिहारा में मारे गए आतंकी थे टेरिटोरियल आर्मी के जवान की हत्या के जिम्मेदार
इसमें निबंध लेखन प्रतियोगिता, गुरुद्वारा रियासी में मरम्मत और नवीनीकरण कार्य, घाट का विकास, गुरु तेग बहादुर के जीवन पर वृतचित्र, लाइट एंड म्यूजिकल शो, गुरु तेग बहादुर जी के जीवन इतिहास और बलिदानों के बारे में आम लोगों में जागरूकता फैलाने के लिए सोशल मीडिया कैंपेन का आयोजन, वृक्षारोपण अभियान और गुरुद्वारों की रोशनी शामिल हैं। इस दौरान प्रमुख नागरिकों और संबंधित अधिकारियों ने भी सफल उत्सव के लिए अपने बहुमूल्य सुझाव दिए।
उन्होंने सेमिनार, नगर कीर्तन, कवि दरबार, चित्रकला प्रतियोगिताएं, नाटक, स्किट्स, मैराथन (रन फॉर हार्मनी), मानव शृंखला, सूचनात्मक वृतचित्रों की स्क्रीनिंग, और गुरु तेग बहादुर जी के नाम पर टूर्नामेंट आयोजित करने का सुझाव दिया। संभागीय आयुक्त ने इस बाबत विस्तृत योजना बनाने का निर्देश दिया। बैठक में उपायुक्त जम्मू अंशुल गर्ग के अलावा सिख संगठनों के प्रमुख लेखक, नागरिक भी उपस्थित थे।