जम्मू। निजी क्लीनिक में डाक्टरों की लापरवाही से हुई महिला की मौत मामले में परिवार के सदस्यों ने शुक्रवार को दूसरे दिन भी हंगामा किया। शास्त्री नगर श्मशान घाट के पास महिला का शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया। मांग की कि आरोपियों को किसी कीमत पर जमानत न मिले और उनके खिलाफ हत्या का केस दर्ज हो। बाद में पुलिस अधिकारियों के पहुंचने पर लोगों को शांत किया गया। आश्वासन दिया गया कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
वहीं इस मामले के मुख्य आरोपी सतीश मेहता और उसके अन्य साथियों को पुलिस ने पूछताछ के लिए पांच दिन की रिमांड पर लिया है।
वीरवार को शालामार स्थित एक निजी क्लीनिक सतीश मेहता क्लीनिक में टांसिल का आपरेशन कराने आई महिला की मौत हो गई थी। डाक्टरों ने उसे बेहोशी का डबल डोज इंजेक्शन दे दिया। इससे महिला की मौत हो गई। शुक्रवार को महिला प्रवीण कौर के परिवार ने उसका संस्कार करने से पहले सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया। परिवार के सदस्यों ने कहा कि आरोपियों को किसी कीमत पर जमानत नहीं मिलनी चाहिए। उन पर सिर्फ लापरवाही का ही केस नहीं, बल्कि 302 के तहत कार्रवाई होनी चाहिए।
---
जल्द से जल्द और सबूतों के आधार पर होगी जांच
मौके पर पहुंचे एसएसपी जम्मू विवेक गुप्ता ने मृतक महिला के परिवार से बातचीत की। आश्वासन दिया कि इस मामले की निष्पक्ष जांच सुबूतों के आधार पर होगी। आरोपियों के खिलाफ किसी प्रकार की ढील नहीं होगी। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। महिला के परिवार ने एसएसपी से कई सवाल भी किए। कहा कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के साथ छेड़छाड़ हो सकती है? क्या क्लीनिक चलाने की अनुमति थी? क्या आपरेशन करने के लिए जरूरी ढांचा था? इस सबकी जांच होनी चाहिए। यह भी कहा कि क्लीनिक वालों ने कटड़ा के ककरयाल अस्पताल से डाक्टर बुलाकर आपरेशन करने की कोशिश की। एसएसपी ने लोगों से कहा कि इस मामले की निष्पक्ष जांच होगी। इस आश्वासन पर लोग सड़क से हटे।