कश्मीर में लगातार हो रही भारी बर्फबारी के चलते श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग बंद होने से काजीगुंड के पास तकरीबन 400 वाहन रोके गए हैं। इसमें अधिकतर ट्रक हैं। हाईवे पर फंसे ट्रक चालकों, कंडक्टरों सहित मुसाफिरों का कहना है कि वह कई दिनों से यहां फंसे हैं, लेकिन सरकारी अधिकारियों का व्यवहार उनके प्रति उदासीन रहा है।
यात्रियों का आरोप है कि डिजास्टर मैनेजमेंट सेंटर से भी उन्हें कोई सहायता नहीं मिल पा रही है। इस सेंटर से सिर्फ यही जवाब मिल रहा है कि अभी उनहें अधिकारियों की ओर से कोई आदेश नहीं मिले हैं। मुसाफिरों के अनुसार डिजास्टर मैनेजमेंट सेंटरों के कर्मचारी वहां मौजूद सामग्री स्थानीय दुकानदारों को बेचते हैं, जिसे हम लोगों को महंगे दामों पर खरीदना पड़ता है।
हाईवे पर फंसे पंजाब के एक ट्रक ड्राइवर इंदरजीत सिंह ने बताया कि उन्होंने खुद देखा है किस तरह से यहां कालाबाजारी हो रही है। वाहन चालकों और मुसाफिरों की मजबूरी का फायदा स्थानीय दुकानदार उठाते हैं।
इस पर नजर रखने के लिए कोई अधिकारी नहीं मौके पर मौजूद था। एक डिजास्टर मैनेजमेंट सेंटर के कर्मचारी फारूक अहमद के अनुसार उनके पास सामग्री बांटने के लिए अधिकार नहीं है, जब तक कि उन्हें आधिकारिक तौर पर आदेश न जारी किए जाएं।