उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले के गुंड जहांगीर इलाके के डांगर गांव में अब तक 41 लोग संक्रमित मिलने के बाद प्रशासन ने पूरे गांव को क्वारंटीन कर दिया है। गांव में 36 संक्रमित लोग ऐसे हैं जो कोरोना से मरने वालों के रिश्तेदार या दोस्त आदि हैं।
बांदीपोरा में मिले 91 मरीजों में से 16 स्वस्थ भी हुए हैं। एक की मौत हुई है। अब भी 74 मामले सक्रिय हैं। प्रशासन की ओर से कांटेक्ट ट्रेसिंग का काम तेज गति से चल रहा है। रेड जोन वाले इलाकों में भी अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। गौरतलब है कि जमातियों के आने के बाद कश्मीर में कोरोना के सबसे ज्यादा मामले बढ़े हैं।
घाटी में मिले 11 नए मरीजों में 10 मरीज शोपियां जिले में पॉजिटिव मिले हैं। इनमें एक ही गांव से आठ मरीज हैं। इस गांव में अब तक 20 लोग संक्रमित हो चुके हैं। जिले में पॉजिटिव मामले 30 हो गए हैं। एक अधिकारी ने बताया कि जिले में सोमवार तक 22 मामले थे। इनमें से दो को स्वस्थ होने पर घर भेज दिया गया। मंगलवार को सामने आए आठ मामलों के साथ यह गांव जिले का सबसे ज्यादा संक्रमित मरीजों वाला गांव बन गया है।