जम्मू। लोकसभा चुनाव में कश्मीरी विस्थापितों के वोट को सुनिश्चित बनाने के लिए भारतीय चुनाव आयोग ने आनलाइन वोटिंग व्यवस्था की है। सेक्शन 25, रिप्रेजेनटेशन पीपुल एक्ट 1951 के तहत कश्मीरी विस्थापित, जिनके नाम कश्मीर के तीन संसदीय क्षेत्रों में पंजीकृत हैं, के लिए दिल्ली, जम्मू और उधमपुर में विशेष पोलिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। चुनाव आयोग की ओर से विस्थापित वोटरों को फार्म-एम स्पेशल पोलिंग स्टेशन और फार्म -12 सी को पोस्टल बैलेट के तहत संबंधित सहायक रिटर्निंग आफिसर को चुनाव से दस दिन पहले जमा करवाने होंगे। यह आनलाइन और स्पीड पोस्ट से दिए जा सकते हैं।
इस योजना के तहत राहत व पुनर्वास आयुक्त जम्मू कार्यालय के सहायक आयुक्त राजस्व को कश्मीर घाटी के तीनों संसदीय क्षेत्रों में सहायक रिटर्निंग आफिसर नियुक्त किया गया है। ये अधिकारी स्पेशल पोलिंग स्टेशन और पोस्ट के जरिये वोट करने वाले आवेदन हासिल करेंगे। इसी तरह उपनिदेशक हार्टिकल्चर योजना व मार्केटिंग दिल्ली को आवेदन लेने के लिए एआरओ नियुक्त किया गया है। कोलेक्टर नार्दन रेलवे उधमपुर को उधमपुर में स्पेशल पोलिंग स्टेशन के लिए एआरओ नियुक्त किया गया है। जम्मू संभाग और दिल्ली के विभिन्न शिविरों में बसे विस्थापित वोटरों के लिए जम्मू, उधमपुर और दिल्ली में विशेष पोलिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। इसमें जम्मू में महिला कालेज गांधीनगर, गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कालेज कनाल रोड, स्कूली निदेशालय मुट्ठी, निदेशालय इकनामिक्स एंड स्टेटिक्स जानीपुर, जम्मू माइग्रेंट स्कूल पुरखू, एग्रीकल्चर कांप्लेक्स तालाब तिल्लो, माइग्रेंट स्कूल रूप नगर, माइग्रेंट स्कूल नगरोटा, गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल माइग्रेंट जगती-ए, गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल माइग्रेंट जगती-बी, पंचायत घर बरनाई, एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी कांप्लेक्स उदयवाला, जेएंडके बोर्ड आफ स्कूल एजूकेशन रिहाड़ी, गवर्नमेंट मिडल स्कूल चक्क चंगरवान चिनौर चौक, गवर्नमेंट गर्ल्स प्राइमरी स्कूल गंगयाल जम्मू, गवर्नमेंट ब्वायज हायर सेकेंडरी स्कूल पौनी चक्क, गवर्नमेंट ब्वायज हायर सेकेंडरी स्कूल सरवाल, गवर्नमेंट हाई स्कूल सगून, मीरां साहिब, गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल छन्नी और ओल्ड म्यूनिसिपल्टी टाउन हाल उधमपुर शामिल हैं। इसी तरह दिल्ली में कई केंद्र स्थापित किए गए हैं।