जम्मू। जम्मू लोकसभा सीट पर नामांकन पत्र भरने के लिए सोमवार को रिटर्निंग आफिसर कार्यालय में भीड़ पहुंचेगी। रविवार की छुट्टी के बाद नामांकन भरने के लिए आखिरी दिन बचा है। इस सीट पर 25 मार्च तक पर्चा भरने के बाद वापसी की आखिरी तिथि 28 मार्च होगी और 26 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी। इस सीट पर 11 अप्रैल को मतदान होगा।
जम्मू लोकसभा सीट से उम्मीदवारी के लिए अब तक 53 लोग नामांकन पत्र हासिल कर चुके हैं, लेकिन इनमें चार ही उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र भरे हैं। इसमें एक राष्ट्रीय स्तर की भाजपा और तीन निर्दलीय उम्मीदवार शामिल हैं। सोमवार को आखिरी दिन अधिक भीड़ पहुंचने की आशंका से रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय परिसर में अतिरिक्त इंतजाम किए जाएंगे। इस दौरान पर्याप्त सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। उम्मीदवार सहित सीमित लोगों को ही नामांकन के दौरान रिटर्निंग अधिकारी के कार्यालय में मौजूद रहने की अनुमति है। इस सीट पर अधिक नामांकन आवेदन निर्दलीय उम्मीदवारों ने हासिल किए हैं, जिससे मैदान में बड़ी संख्या में निर्दलीय उम्मीदवार रहेंगे। रिटर्निंग अधिकारी रमेश कुमार के अनुसार सोमवार को जम्मू सीट के लिए नामांकन पत्र भरने का आखिरी दिन होगा। जम्मू सीट में 20 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होगा।