युवाओं में पर छाया फीफा वर्ल्ड कप का खुमार
मैदानों में जमकर खेली जा रही फुटबाल
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। रूस में चल रहे फीफा वर्ल्ड कप का खुमार रियासत के युवाओं पर भी चढ़ा हुआ है। देर रात तक युवा विश्व कप के फुटबाल मुकाबले टीवी से चिपककर देख रहे हैं। वहीं खेल के मैदानों में भी इन दिनों फुटबाल ज्यादा खेला जा रहा है।
जीजीएम साइंस कालेज के फुटबाल मैदान पर अभ्यास के लिए काफी संख्या में खिलाड़ी पहुंच रहे हैं। इसी तरह डोगरा ग्राउंड शास्त्री नगर, दशहरा ग्राउंड गांधीनगर समेत अन्य मैदानों में फुटबाल चल रहा है। युवाओं और खिलाड़ियों में फीफा विश्व कप मुकाबलों की चर्चा आम हो गई है।
इसी तरह एमए स्टेडियम के आउटडोर मैदान पर फुटबाल सहित अन्य खेलों के अभ्यास में खिलाड़ी पसीना बहा रहे हैं। खिलाड़ी कड़ी मेहनत कर आगामी प्रतियोगिताओं के लिए तैयार हो रहे हैं। मौसम सुहावना होने से युवाओं का आउटडोर खेलों की ओर रुझान बढ़ा है। लेकिन बारिश होने पर उनके अभ्यास में खलल भी पड़ता है।
बुधवार को बारिश से कई खेल मैदानों पर जलभराव हुआ। गर्मियों की छुट्टियों के चलते एमए स्टेडियम में विभिन्न खेलों में बड़ी संख्या में खिलाड़ी पहुंच रहे हैं। कई खेलों में खिलाड़ियों की बेतहाशा भीड़ के चलते अभ्यास के लिए उन्हें इंतजार करना पड़ता है। छुट्टियां खत्म होते ही अंतर स्कूल और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं का आगाज होगा, जिससे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका दिया जाएगा।