जम्मू। जम्मू-कश्मीर में वैश्विक निवेशक सम्मेलन के लिए सोमवार को उपराज्यपाल के सलाहकार राजीव राय भटनागर की अगुवाई में टीम ने हैदराबाद में रोड शो कर आईटी, बायोटेक्नोलॉजी और फार्मा क्षेत्र में 3000 करोड़ रुपये के निवेश के करार पर हस्ताक्षर किए। इस दौरान टीम ने उद्योगपतियों, अधिकारियों और संबंधित लोगों से मुलाकात की। टीम ने जम्मू-कश्मीर में फिल्म सेक्टर, पर्यटन, बागवानी, हेल्थ केयर, बायोटेक्नोलॉजी, आईटी और दवाइयों के क्षेत्र में संभावनाओं की जानकारी दी। राउंड टेबल चर्चाओं में केंद्र शासित प्रदेश में औद्योगिक क्षेत्र में विकास और रोजगार के अवसरों के बारे में भी जानकारी दी गई।
चिकित्सा शिक्षा विभाग के वित्त आयुक्त अटल डुल्लू ने बताया कि जम्मू कश्मीर में कृषि और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अनुकूल मौसम है। लैंड बैंक भी पर्याप्त हैं। इस दौरान 14 नए फोकस सेक्टरों पर आधारित फिल्म भी दिखाई गई। उद्योग सचिव मनोज कुमार और र्सीआईआई के पूर्व चेयरमैन एमके पटोदिया ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में हुए नए सुधारों से देश में वह जीडीपी बढ़ाने में काफी अहम भूमिका निभा सकता है। इस अवसर पर रामोजी फिल्म, जीएमआर, ड्रीम वैली गोल्फ रिजार्ट प्राइवेट लिमिटेड आदि कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
मई में प्रस्तावित सम्मेलन के लिए अब तक मुंबई, कोलकाता और बंगलूरू में किए गए तीन रोड शो में 5297 करोड़ के समझौते हो चुके हैं। हैदराबाद के बाद चेन्नई और अहमदाबाद में रोड शो किए जाएंगे।