बिश्नाह के सुल्तानपुर गांव में चोरों ने एक घर से 26 तोले सोने के आभूषण, नकदी और यहां तक कि पालतू कुत्ते को भी चुरा लिया। चोरी की वारदात से इलाके में दहशत है और पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जम्मू के बिश्नाह क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर में चोर एक घर से 26 तोले सोने के आभूषण और नकदी समेट ले गए। चोर घर के पालतू कुत्ते को भी साथ ले गए। पुलिस ने घटनाक्रम का निरीक्षण किया है। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार कुलदीप राज निवासी सुल्तानपुर ने बताया कि बुधवार देर रात चोरों ने उनके घर में चोरी की।
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि रोजाना की तरह घर के सभी सदस्य अपने कमरे में सोने के लिए चले गए। वह और उनका भाई बाहर आंगन में रात 11:00 बजे तक बैठे थे। उसके बाद दोनों अपने कमरे में चले गए। कुलदीप ने बताया कि वह रात 1:00 बजे तक व्यापार से जुड़े कार्य निपटाते रहे। इसके बाद वे भी सो गए। उन्होंने बताया कि घर के दो कमरे खाली पड़े थे। एक कमरे में उनकी छोटी भाभी और भाई रहते हैं। इन दिनों दोनों बच्चों के साथ ससुराल में थे। इसके चलते कमरा खाली था। दूसरा कमरा भी खाली था।
कुलदीप ने बताया कि सुबह 4:00 बजे उठकर देखा तो दोनों कमरों के दरवाजे खुले थे। कमरे के भीतर पहुंचने पर चोरी होने का पता चला। चोर कमरों के अंदर आलमारी के लाॅकर तोड़कर 26 तोले सोने के आभूषण और नकदी समेट ले गए। सुबह होने पर पुलिस को सूचित किया। उन्होंने कहा कि सोने के आभूषण और नकदी के साथ चोर घर के पालतू कुत्ते को भी साथ ले गए। इससे साफ है कि चोरों ने वारदात से पहले घर की रेकी की होगी। उन्होंने कहा कि चोरी की घटना से घर के सदस्य सहम गए हैं।