जम्मू। गंग्याल इलाके में महिला के बैंक खाते से लाखों रुपये एक सैन्य कर्मी के खाते में ट्रांसफर हो गए हैं। महिला ने इसकी शिकायत पुलिस के पास दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। महिला भी एक सैन्य कर्मी की पत्नी है। खाते से कुल 3 लाख 20 हजार रुपये ट्रांसफर हुए हैं।
जानकारी के अनुसार रेखा देवी निवासी कालू चक की तरफ से पुलिस को शिकायत दी गई। महिला ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले वह एटीएम में पैसे निकालने के लिए गई हुई थी। पैसे न निकलने पर उसने एटीएम के पास खड़े एक अन्य युवक से कहा कि उसको पैसे निकाल कर देने में मदद करे। युवक की मदद लेने के बाद भी पैसे नहीं निकले। वह वापस लौट आई। लेकिन तीन बाद जब वह खाता चेक करने लगी तो उसमें तीन लाख 20 हजार कम पाए। वह बैंक प्रबंधक के पास गई और इसके बारे में पता किया। जहां मालूम हुआ कि उधमपुर के रहने वाले एक सैनिक नरेश कुमार के खाते में यह पैसे ट्रांसफर हुए हैं। महिला ने अपने स्तर पर सैन्य कर्मी से संपर्क किया और पैसे वापस करने को कहा। लेकिन सैन्य कर्मी ने मना कर दिया। इसके बाद महिला पुलिस के पास शिकायत लेकर पहुंची।