रियासत के निजाम में भारी फेरबदल किया गया है। राज्यपाल की अध्यक्षता में राज्य प्रशासनिक परिषद ने वीरवार को अधिकारियों के तबादले का फैसला किया। कुल 21 अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इसमें 12 आईएएस और नौ केएएस अफसर शामिल हैं।
माना जा रहा है कि रियासत में नई सरकार के गठन में हो रही देरी को ध्यान में रखते हुए प्रशासनिक व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के उद्देश्य से यह फेरबदल किया गया है।
आदेश के अनुसार इंस्टीट्यूट आफ मैनेजमेंट एंड पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन के वाइस चेयरमैन और महानिदेशक डॉ. अरुण कुमार को जेके स्पेशल ट्रिब्यूनल के चेयरमैन का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।
अब तक इस पद पर रहे प्रमोद कुमार जैन को राजस्व विभाग का वित्त आयुक्त बनाया गया है। वित्त आयुक्त पद का अतिरिक्त कार्यभार गृह विभाग के प्रमुख सचिव आरके गोयल के पास था।
राहत एवं पुनर्वास विभाग के प्रमुख सचिव संदीप कुमार नायक को इसी पद पर पर्यटन विभाग में भेजा गया है। वह राज्य पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक फारूक अहमद शाह का स्थान लेंगे जो अब तक इस पद का अतिरिक्त दायित्व संभाले हुए थे।
एडमिनिस्ट्रेटिव रिफार्मस, इंस्पेक्शन एंड ट्रेनिंग के कमिश्नर सेक्रेटरी विनोद कौल को इसी पद पर पशुपालन और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग में भेजा गया है।
वे अब तक इस पद का अतिरिक्त दायित्व संभाल रहे उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के कमिश्नर सेक्रेटरी शैलेंद्र कुमार का स्थान लेंगे। राजस्व विभाग के सचिव मोहम्मद अफजल भट अगले आदेश तक राहत एवं पुनर्वास विभाग के प्रशासनिक सचिव का पदभार संभालेंगे।
प्रतिनियुक्ति से लौटे जेके हैंडलूम कारपोरेशन के एमडी अनल गुप्ता को एआरआई का सचिव बनाया गया है। कामर्शियल टैक्स के कमिश्नर बशीर अहमद खान को को-आपरेटिव विभाग का सचिव, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के सचिव आरके भगत को परिवहन विभाग का सचिव और को-आपरेटिव विभाग के सचिव हिलाल अहमद पारे को कामर्शियल टैक्स का सचिव बनाया गया है।
परिवहन विभाग के सचिव किफायत हुसैन रिजवी को स्टेट पावर डेवलपमेंट कारपोरेशन का एमडी बनाया गया है। अब तक इस पद का अतिरिक्त दायित्व पीडीपी के कमिश्नर सेक्रेटरी धीरज गुप्ता के पास था। कश्मीर के एडिशनल कमिश्नर बशारत सलीम को जम्मू और प्रतीक्षारत सलमा हामिद को श्रीनगर में जेके स्पेशल ट्रिब्यूनल का सदस्य बनाया गया है।
केएएस अफसर तथा स्टेशनरी एंड आफ सप्लाइज की निदेशक मनेशा देवी शर्मा को कमांड एरिया डेवलपमेंट का डायरेक्टर बनाया गया है। वह इस पद का अतिरिक्त दायित्व संभाल रहे कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक अशोक कुमार मल्होत्रा का स्थान लेंगी।
डायरेक्टर स्टेशनरी का अतिरिक्त कार्यभार मुबारक मंडी के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर रोहित खजुरिया को सौंपा गया है। श्रीनगर नगर निगम के कमिश्नर शौकत ए जरगर को जेके हैंडलूम का प्रबंध निदेशक बनाया गया है।
ग्रामीण स्वच्छता के निदेशक शौकत अहमद बेग को कृषि निदेशक कश्मीर बनाया गया है। अब तक कृषि निदेशक का अतिरिक्त प्रभार संयुक्त निदेशक कृषि अल्ताफ अहमद अंद्राबी के पास था।
जेके सर्विस सेलेक्शन बोर्ड के सदस्य जुबैर अहमद को सीएपीडी कश्मीर का डायरेक्टर बनाया गया है। प्रतीक्षारत हशमत अली खान को हास्पिटेलिटी एवं प्रोटोकाल विभाग का विशेष सचिव, कुपवाड़ा के एडीसी एमएम रहमान को ग्रामीण स्वच्छता का निदेशक बनाया गया है।
इंटीग्रेटेड वाटरशेड मैनेजमेंट प्रोग्राम के सीईओ बशीर अहमद खान को श्रीनगर नगर निगम का कमिश्नर नियुक्त किया गया है।
पंचायत निदेशक आरके भट इंटीग्रेटेड वाटरशेड प्रोग्राम के सीईओ पद का अतिरिक्त कार्यभार संभालेंगे। सीएपीडी कश्मीर के निदेशक अब्दुल रशीद वार को एडिशनल कमिश्नर कश्मीर, प्रतीक्षारत केके शर्मा को फ्लोरीकल्चर जम्मू के निदेशक पद पर भेजा गया है। अब तक इस पद का अतिरिक्त दायित्व डिप्टी डायरेक्टर फ्लोरीकल्चर अशोक कुमार गुप्ता के पास था।