जम्मू। 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग में विशेष टीकाकरण अभियान के तहत मंगलवार को वकीलों, पत्रकारों, यात्री वाहन चालकों, पर्यटन से जुड़े लोगों, दिव्यांगों आदि को टीका लगाया गया। दो दिवसीय अभियान के पहले दिन 20237 लोगों को टीका लगा।
जम्मू संभाग के चार जिलों जम्मू, उधमपुर, राजोरी और कठुआ में चलाए गए अभियान में 9054 और कश्मीर संभाग के चार जिलों श्रीनगर, अनंतनाग, बडगाम और बारामुला में 11183 लोगों को कोविड टीका लगाया गया। इस दौरान जम्मू हाईकोर्ट व जिला अदालत परिसरों में वकीलों की काफी भीड़ रही। आरटीओ कार्यालय में यात्री वाहन चालकों व सूचना निदेशालय परिसरों में पत्रकारों को टीका लगाया गया। जम्मू जिले में 3166, उधमपुर में 2894, राजोरी में 2621 और कठुआ में 373 लोगों को टीका लगाया गया। वहीं कश्मीर के श्रीनगर जिले में 4435, बडगाम में 1565 और बारामुला में 4633 व अनंतनाग जिले में 550 लोगों को विशेष अभियान के तहत टीका लगा। बुधवार को भी यह विशेष टीकाकरण अभियान जारी रहेगा।