राजोरी। देसी शराब बनाने और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए राजोरी पुलिस ने रविवार को एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। जिले के विभिन्न इलाकों से 519 लीटर शराब जब्त की और 585 किलोग्राम लाहन को नष्ट किया है। एसएसपी राजोरी जुगल मनहास के अनुसार देसी शराब बनाने और बिक्री के अवैध धंधे पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई थीं। एसएचओ राजोरी एजाज हैदर के नेतृत्व में टीम ने शहर के ढांगरी गांव में एक घर पर छापा मार कर 515 लीटर देसी शराब बरामद की और मौके पर ही 500 किलो लाहन को नष्ट कर दिया। वहीं, मौके से एक गैस सिलेंडर, दो वर्किंग स्टिल, तीन प्लास्टिक बैरल (ड्रम) और अन्य सामग्री जब्त कर चंद्र प्रकाश को गिरफ्तार किया गया। वहीं, एसएचओ धर्मसाल अमित सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कमलेश रानी के घर पर छापा मार कर चार लीटर अवैध शराब बरामद की और करीब 60 किलोग्राम लाहन नष्ट की। आरोपी महिला को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। त्रियाठ पुलिस ने चौकी प्रभारी हबीब उल रहमान के नेतृत्व में बालक राम और चन्नो देवी के घर पर छापा मार कर 25 किलो लाहन बरामद किया, जिसे नष्ट कर दिया गया।