जम्मू। अखनूर-जम्मू मार्ग पर पलौड़ा में सोमवार को एक बार फिर लोगों को भारी जाम से जूझना पड़ा। इसके चलते लोगों को कई तरह की परेशानियां आईं। दफ्तर जाने वाले जहां देरी से पहुंचे, वहीं विद्यार्थी भी हताश-परेशान रहे।
पलौड़ा में सोमवार को सुबह दस बजे के करीब लगे जाम के चलते गाड़ियों की कतार तीन किलोमीटर से भी ज्यादा ड्रीम सिटी मुट्ठी तक पहुंच गई। बसंत रथ के आईजी ट्रैफिक बनने के बाद से इस क्षेत्र में जाम नहीं लग रहा था। लेकिन, सोमवार को एक बार फिर से पहले जैसी स्थिति का सभी को सामना करना पड़ा।
सनीत शर्मा, सुभाष, रमा आदि ने बताया कि उन्हें रोजाना सुबह काम पर जाना पड़ता है। कुछ दिन से पलौड़ा में जाम नहीं लग रहा था, तो राहत थी। सोमवार को जब मुट्ठी के करीब पहुंचे, तो गाड़ियाें का जाम शुरू हो गया।
दोपहर के समय भी अखनूर से जम्मू की ओर आने वाली गाड़ियों की कतार मुट्ठी तक पहुंच गई थी। जाम के चलते करीब आधा घंटा देरी से पहुंचे। लोगों ने आईजी ट्रैफिक बसंत रथ से अपील की है कि वह पलौड़ा में ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारें।