जम्मू। बेकाबू मिनी बस ने रेलवे स्टेशन के बाहर सोमवार की सुबह एक महिला को कुचल दिया। उसे गंभीर हालत में उपचार के लिए जीएमसी पहुंचाया गया, जहां कुछ देर उपचार के बाद उसने दम तोड़ दिया। मृत महिला खतीजा बेगम, कश्मीर के गांदरबल की रहने वाली थी। जानकारी के मुताबिक खतीजा बेगम अपने परिवार के साथ अजमेर शरीफ की यात्रा से लौटी थी। वह अपने परिवार के लिए कालका धाम के बाहर फुटपाथ पर भोजन पका रही थी। उसके साथ यात्रा पर गए परिवार के सदस्य भी वहीं थे। भोजन बनाते समय वह किसी काम से फुटपाथ से सड़क पर उतरी ही थी कि अचानक उधर से गुजरी एक तेज रफ्तार मिनी बस ने उसे कुचल दिया। हादसा होते ही मौके पर अफरातफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने महिला को उठाने में परिवार के सदस्यों की मदद की और उसे जीएमसी पहुंचाया गया। पुलिस ने मिनी बस को सीज कर लिया है, हालांकि देर शाम खबर लिखे जाने तक चालक को गिरफ्तार नहीं किया गया था। महिला के शव का पोस्टमार्टम कर परिवार को सौंप दिया गया है।