जम्मू। पुलिस महानिदेशक एसपी वैद ने कहा कि शोपियां हिंसा में मारे गए दो युवकों की मौत की निष्पक्ष जांच होगी। पुलिस ने इस मामले में अभी एफआईआर दर्ज किया गया है। इस घटना के क्या हालात रहे, किन परिस्थितियों में गोली चली। इन सबकी जांच होगी। शोपियां घटना पर पत्रकारों के पूछे गए सवालों पर वैद ने इसकी जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि घटना के वक्त सेना की जो यूनिट तैनात थी और इस यूनिट के जवानों को जो उस समय लीड कर रहा था, उसके खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। एफआईआर में किसी एक व्यक्ति का नाम नहीं है। रही बात पत्थरबाजों को रिहा करने के फैसले का, तो यह फैसला उच्च स्तर पर किया गया है। जो पहली बार पत्थरबाजी में शामिल रहे हैं, उनके केस हटाए गए हैं। हर किसी को सुधरने का हक है। जो गंभीर अपराधों में शामिल हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई होती आई है और होती रहेगी। एफआईआर लगने से सेना के हौसले पस्त होने के सवाल पर वैद ने कहा कि अभी सिर्फ एफआईआर दर्ज हुई है। पुलिस इस घटना में शामिल सभी लोगों के बयान दर्ज करेगी। इसके बाद ही कोई फैसला लिया जाएगा।