अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। भीषण गर्मी से जम्मू संभाग में 20 फीसदी हैंडपंप व ट्यूबवेल सूख गए हैं। जल शक्ति विभाग के अनुसार करीब 10 हजार हैंडपंप हैं, जिनमें से दो हजार में पानी सूख गया है। इसी तरह 18 हजार ट्यूबवेल में से तीन हजार से अधिक का जलस्तर गिरा है।
विभाग के अनुसार जलस्रोतों का स्तर आठ से 10 फीट तक गिरा है। इन पर दोबारा से बोरिंग करने पर काम चल रहा है। कुछ जलस्रोत बरसात में बारिश होने के बाद रिचार्ज हो जाएंगे। ऐसे जलस्रोतों का जल स्तर 15 फीट तक नीचे गिरा है।
अधिक गर्मी पड़ने के कारण जमीन के नीचे भी पानी सूख जाता है। समय-समय पर बारिश होती रहे तो जल स्तर बना रहता है। इस बार मई और जून माह में बारिश कम हुई है। जून माह में कुछ दिन लगातार तापमान में अधिक बढ़ोतरी हुई है। इस कारण जलस्रोत प्रभावित हुए हैं।
सिंचाई विभाग के 20 ट्यूबेवल सूखे
सिंचाई विभाग के जम्मू, सांबा और कठुआ में भी 200 में से 20 ट्यूबवेल का जल स्तर गिरा है। इनका प्रयोग सिंचाई के लिए होता है। बारिश न होने पर इन ट्यूबेवल का इस्तेमाल सिंचाई में होता है।
भीषण गर्मी के चलते ट्यूबेवल और हैंडपंप में पानी का स्तर गिरा है। जून में 20 फीसदी जलस्रोतों का पानी गिरा है। इनकी बोरिंग पर काम आरंभ हो गया है।
- विकास शर्मा, मुख्य अभियंता, जल शक्ति विभाग