रियासत के 20 फीसदी से अधिक आईएएस अफसरों ने अब तक संपत्ति का ब्योरा नहीं दिया है। प्रापर्टी रिटर्न न दाखिल करने वालों में कई कमिश्नर सेक्रेटरी और डीसी स्तर के अधिकारी हैं। इसी प्रकार 50 से अधिक केएएस अफसर भी अपनी सालाना संपत्ति का ब्योरा देने में नाकाम रहे हैं।
प्रशासन अब ऐसे अफसरों को नोटिस जारी करने की तैयारी में है। सभी आईएएस और केएएस अफसरों को सालाना संपत्ति का ब्योरा देना अनिवार्य है। यह ब्योरा एक जनवरी के आधार पर होगा। रियासत में कार्यरत 83 में से 18 आईएएस अफसरों ने एक जनवरी 2017 के आधार पर अब तक अपनी संपत्ति का ब्योरा नहीं दिया है।
इसी तरह केएएस अफसर भी जीएडी के पास संपत्ति का ब्योरा जमा नहीं कर सके हैं। इसमें कई केएएस काफी पुराने हैं। सूत्रों का कहना है कि जीएडी की ओर से सभी आईएएस और केएएस अफसरों के प्रापर्टी रिटर्न का ब्योरा इकट्ठा कर लिया गया है।