रियासी में बस अड्डे तक निकाली रोष रैली
प्रदर्शन के दौरान कहा, जम्मू यूनिवर्सिटी में पेपर की जांच भी सही से नहीं की जाती
अमर उजाला ब्यूरो
रियासी। पहले व तीसरे सेमेस्टर में पूरी तरह से उत्तीर्ण नहीं हुए विद्यार्थियों के छठे सेमेस्टर में दाखिले पर रोक लगाने पर डिग्री कालेज के विद्यार्थियों ने प्रदर्शन किया। माडी में स्थित जनरल जोरावर सिंह मेमोरियल डिग्री कालेज के विद्यार्थी सुबह अपनी कक्षाओं को छोड़ कर कालेज के बाहर आ गए। इस दौरान उन्होंने वीसी जम्मू यूनिवर्सिटी के खिलाफ नारेबाजी की। बाद में रोष रैली निकालते हुए मुख्य बस अड्डे पर पहुंचे, जहां उन्होंने तहसीलदार कार्यालय के सामने धरना दिया और आवागमन बंद कर दिया।
कालेज विद्यार्थी यूनियन के प्रधान रमन शर्मा, उपप्रधान वैशाली थापा ममता ने कहा कि वीसी लगातार प्रताड़ित करने पर तुले हुए हैं। कालेज में जिन विद्यार्थियों के पहले व तीसरे सेमेस्टर का कोई विषय क्लियर नहीं हुआ है, उसे छठे सेमेस्टर में दाखिला दिए जाने का प्रावधान है, लेकिन अब उस प्रावधान को दरकिनार कर नया आदेश दिया गया, जो विद्यार्थी वर्ग के हक में नहीं है। प्रदर्शन के दौरान कहा कि यूनिवर्सिटी में पेपर की जांच भी सही प्रकार से नहीं की जाती है। बिना वजह के फेल कर दिया जाता है। ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें पहले कम अंक मिले और बाद में वही विद्यार्थी दोबारा पेपर की जांच में अच्छे खासे नंबर लेकर पास कर गया। कहा कि युनिवर्सिटी में सिर्फ रुपये इकट्ठा करने के लिए ऐसा किया जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान वाहनों को रोकने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में विद्यार्थियों का पता चला कि यूनिवर्सिटी से दिए गए निर्देश को रद्द कर दिया गया है, जिसके बाद प्रदर्शन को समाप्त कर दिया गया। इस मौके पर कहा कि अगर उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया, तो दोबारा से सड़क पर उतर उतरेंगे।