जम्मू। रणजी ट्राफी में झारखंड की टीम ने मेजबान जम्मू कश्मीर को एक पारी और 48 रन से हराकर शानदार तरीके से अगले दौरे में प्रवेश पा लिया है। दूसरी पारी में मेजबान टीम मात्र 120 रन पर ढेर हो गई। पहली पारी में जेएंडके ने 151 रन बनाए थे, जबकि सौरभ तिवारी की शानदार शतकीय पारी की बदौलत झारखंड की टीम ने पहली पारी में 319 रन पर पारी घोषित कर जेएंडके पर 168 रन की लीड हासिल की।
जीजीएम साइंस कालेज के क्रिकेट मैदान पर वीरवार को दूसरी पारी में जेएंडके की टीम मैच को बचाने का दबाव नहीं झेल पाई और सस्ते ही विकेट गंवा दिए। टीम के सात बल्लेबाज दस रन के आंकड़े को भी नहीं छू पाए और पूरी टीम 49.4 ओवर में 120 रन पर पैवेलियन लौट गई। मेजबान टीम की तरफ से इरफान पठान ने 20, शुभम खजूरिया ने 24 और कामरान इकबाल ने 16 व निचले क्रम के बल्लेबाज रसिक सलाम ने 40 रन की पारी खेली। सलामी बल्लेबाज उमर नजीर शून्य पर आउट हुए। इसके अलावा सूर्यांश रैना एक, ओवेस शाह दो और कप्तान परवेज रसूल एक, आदित्य प्रताप एक व गोविंद शर्मा ने एक रन का योगदान दिया। मुसेफ एजाज नौ रन बनाकर नाबाद रहे। झारखंड की टीम की ओर से शहबाज नदीम से 18 ओवर में 43 रन दे कर सबसे अधिक चार विकेट हासिल किए। इसके अलावा अनुकूल राय ने 11.4 ओवर में 42 रन देकर तीन, अजय यादव ने आठ ओवर में 20 रन देकर दो व राहुल शुक्ला ने एक विकेट हासिल किया।
सौरभ, इरफान ने क्रिकेट प्रेमियों के साथ ली सेल्फी
झारखंड के स्टार बल्लेबाज और शतकवीर सौरभ तिवारी ने जीजीएम साइंस कालेज मैदान पर मैच खत्म होने के बाद क्रिकेट प्रेमियों को निराश नहीं करते हुए उनके साथ खूब सेल्फी ली। वहीं, जम्मू-कश्मीर की तरफ से खेल रहे इरफान पठान ने भी समर्थकों के साथ सेल्फी ली और मैदान के बाहर पिछले तीन दिन से लगातार मैच देखने आ रहे एक वृद्ध व्यक्ति को अपनी स्वेटर भी भेंट की।