जम्मू। लोकसभा चुनाव इस साल के मई महीने में हो सकते हैं। इसे लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय भी तेजी में आ गया है। बुधवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) जम्मू-कश्मीर, शैलेंद्र कुमार ने सचिव सूचना सरमद हफीज संग बैठक कर मीडिया प्लान पर चर्चा की। सोशल मीडिया प्लेटफार्म के जरिये फर्जी खबरों के प्रसार के खतरे पर भी बात हुई।
बैठक के दौरान आम चुनाव में जनता तक सूचनाओं के प्रभावी प्रसार पर मीडिया प्लान क्या रहेगा इसे लेकर बात हुई। साथ ही विज्ञापनों पर प्रत्याशियों की तरफ से खर्च की जाने वाली राशि का भी मसला उठा। इस पर भी बात हुई कि अगर सोशल मीडिया पर कोई फर्जी खबर चलती है तो उसकी जांच कैसे की जाए। इसे लेकर गाइड लाइन तय करने की बाबत भी चर्चा हुई। बैठक के दौरान निदेशक सूचना तारिक अहमद ज़रगर और उप-मुख्य निर्वाचन अधिकारी, अनिल सगोत्रा भी उपस्थित रहे।