जम्मू। पंजाब में कश्मीरी छात्रों की सुरक्षा पर गंभीर संज्ञान लेते हुए जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (जेकेपीसीसी) अध्यक्ष जीए मीर ने पंजाब के मुख्यमंत्री को खत लिखा है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के छात्रों को सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल प्रदान किए जाने की मांग की। साथ ही उनके अवांछित उत्पीड़न पर भी रोक का आग्रह किया।
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को लिखे खत में जीए मीर ने कहा कि अगर कश्मीरी छात्रों का पंजाब के कालेजों, संस्थानों में उत्पीड़न नहीं रोका जाता, जैसे कि सूचनाएं मिली हैं, तो इससे कश्मीरी छात्रों की पढ़ाई प्रभावित होगी। वह पढ़ाई छोड़कर घर लौटने पर मजबूर होंगे। उन्होंने इस तरह की घटनाओं में शामिल लोगों पर भी कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की। कहा कि कश्मीर में विषम स्थितियों के चलते कश्मीरी छात्र पड़ोसी राज्यों में पढ़ने को प्राथमिकता देते हैं। खास तौर पर पंजाब में। लेकिन इस तरह की घटनाओं से उनका भविष्य बर्बाद होगा।