पौनी। हायर सेकेंडरी स्कूल में लेक्चरर की कमी को दूर करने की मांग पर शुक्रवार को विद्यार्थियों ने प्रदर्शन किया था। साथ ही जल्द इस कमी को दूर करने की चेतावनी दी थी। शनिवार को उन विद्यार्थियों को स्कूल से बाहर कर दिया गया। इसकी जानकारी होते ही ग्रामीणों मेें रोष का माहौल बन गया। उन्होंने प्रिंसिपल के खिलाफ स्कूल के बाहर जमकर हंगामा किया।
बताया जाता है कि लेक्चरर की कमी पर शुक्रवार को विद्यार्थियों ने स्कूल के बाहर कुछ देर के लिए प्रदर्शन किया था। शनिवार को जब वह विद्यार्थी स्कूल पहुंचे, तो उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। उन्हें कहा गया कि वह बाहर जाकर धरना-प्रदर्शन ही करें। उधर, विद्यार्थियों को स्कूल से बाहर निकाले जाने की जानकारी होते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान लोगों ने कहा कि स्कूल में हिंदी, बॉटनी, कामर्स और अंग्रेजी जैसे महत्वपूर्ण विषय के लेक्चरर नहीं हैं। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इसका असर परीक्षा परिणाम पर पड़ सकता है।
स्कूल के बाहर हंगामा होने का पता चलने पर मुख्य शिक्षा अधिकारी निर्मल चौधरी मौके पर पहुंचे। इस दौरान लोगों ने उन्हें बताया कि स्कूल में चार लेक्चरर नहीं है। अंग्रेजी के लक्चरर जसविंदर कौर और बॉटनी के लेक्चरर आरसी लल्ला पिछले कई महीनों से ड्यूटी पर नहीं आए हैं। इसके बावजूद उनके पांच महीने का वेतन स्कूल से निकाला गया है। ग्यारहवीं तथा बारहवीं कक्षा में लगभग तीन सौ विद्यार्थी हैं। मौके पर पहुंचे शिक्षा अधिकारी ने लोगों को आश्वासन दिया कि वह लेक्चरर की कमी को दूर करने के साथ ही दो लेक्चरर के निकाले गए वेतन की भी जांच करेंगे। इस दौरान लोगों ने कहा कि प्रिंसिपल विद्यार्थियों के साथ भेदभाव का रवैया छोड़ कर उन्हें बेहतर शिक्षा देने की तरफ ध्यान दें।