हंदवाड़ा में सुरक्षा बलों ने मुठभेड़
में एक आतंकवादी को मार गिराया
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के हंदवाड़ा के जंगलों में आतंकियों के साथ रात भर चले आपरेशन में सुरक्षा बलों ने एक आतंकी को मार गिराया। मारे गए आतंकी से एक एके-47 राइफल व कुछ कागजात बरामद हुए हैं। रविवार की रात सुरक्षा बलों को पुख्ता सूचना मिली थी कि इस क्षेत्र में आतंकी छिपे हैं। सेना के अनुसार, इलाके में आतंकियों के खिलाफ अभी ऑपरेशन जारी है। बताया जा रहा है कि जंगल में छिपे आतंकियों की संख्या चार से पांच तक हो सकती है।
रविवार देर शाम सुरक्षा बलों को आतंकियों के इन जंगलों में होने की सूचना मिली थी जिसके आधार पर सेना की राष्ट्रीय राइफल्स और जम्मू कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप के जवानों ने इलाके की घेराबंदी करते हुए तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान जंगल में छुपे आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी। कुछ देर बाद आतंकी अंधेरे का फायदा उठाते हुए जंगल की ओर भाग निकले और उन्हें तलाशने के लिए सुरक्षा बलों का ऑपरेशन जारी है। सोमवार की सुबह सुरक्षाबलों को इलाके से एक आतंकी का शव बरामद हुआ जिसकी शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है।