अंबिहार इलाके में गंदगी डालने के विरोध में प्रदर्शन
कहा, प्रदूषण के कारण स्थानीय लोगों का घर से निकलना हो गया मुश्किल
अमर उजाला ब्यूरो
उधमपुर। शहर के साथ लगते अंबिहार इलाके में राजमार्ग के किनारे पर डाली जाने वाली गंदगी के विरोध में लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द नगर परिषद ने यहां गंदगी डालना बंद नहीं किया तो फिर सभी सड़क पर उतर कर उग्र प्रदर्शन करने को मजबूर हो जाएंगे।
नंबरदार शंकार सिंह के नेतृत्व में सुबह करीब साढ़े 11 बजे लोगों ने राजमार्ग पर नगर परिषद के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान शंकार सिंह ने कहा कि पिछले कई वर्षों से नगर परिषद हर रोज शहर की सारी गंदगी को अंबिहार इलाके में राजमार्ग के किनारे पर डाल रहा है। जब बारिश होती है, तो डाली गई सारी गंदगी पहाड़ से होकर तवी नदी में गिरती है और दिन प्रतिदिन नदी के पानी को दूषित कर रही है। फिर यही पानी लिफ्ट कर शहरवासियों के घरों में पहुंचाया जाता है। हर रोज शहरवासियों को दूषित पानी सप्लाई किया जा रहा है। इसके अलावा इस गंदगी के कारण इतना ज्यादा प्रदूषण बढ़ गया है कि स्थानीय निवासियों के लिए घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। इसके अलावा हर रोज राजमार्ग से होकर गुजर रहे वाहनों में सवार यात्री व चालक परेशान हैं। कई बार शांतिपूर्ण तरीके से नगर परिषद के सामने गंदगी न डालने की मांग को रखा है, लेकिन आज तक गंदगी डालना बंद नहीं किया है। पूरे इलाके में गंदगी के कारण इतनी ज्यादा बदबू हो चुकी है कि अब इस स्थान होकर गुजरना मुश्किल हो गया है। कई बार विरोध करने के बाद भी नगर परिषद ने कूड़ा डालना बंद नहीं किया है। इसलिए यह परेशानी दिन प्रतिदिन बढ़ रही है। आज सभी प्रदर्शन कर नगर परिषद को चेतावनी दे रहे हैं कि अगर जल्द अंबिहार इलाके में गंदगी डालना बंद नहीं किया जाए, तो सभी इसके विरोध में उग्र प्रदर्शन करने को मजबूर हो जाएंगे।