उधमपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही श्रीनगर से जम्मू की तरफ होने के कारण शुक्रवार को पुलिस ने उधमपुर से किसी भी वाहन को घाटी की तरफ नहीं जाने दिया। इसी कारण दिन भर शहर व आसपास के इलाकों में ट्रक व यात्री वाहनों की लंबी कतार लगी रही। पुलिस का कहना है कि अगर शनिवार को मौसम में सुधार हुआ तो इनको घाटी की तरफ रवाना कर दिया जाएगा।
पुलिस ने सुबह से ही घाटी जाने वाले वाहनों को जखैनी में रोकना शुरू कर दिया था और फिर शाम तक किसी भी वाहन को घाटी की तरफ नहीं भेजा गया। रोके जाने के बाद जखैनी के साथ भारत नगर, संगूर, रठियान, बट्टलबालियां, गरनई, फ्लाटा, मांड, टिकरी, मंथल में वाहनों की कतार लगने लगी और शाम तक तो फोर लेन राजमार्ग रोके गए वाहनों से भर चुका था। इसी कारण दिन में कई बार फोर लेन राजमार्ग पर कई बार जाम की स्थिति बनी और शहरवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। रोके गए वाहनों के यात्री व चालक दिन भर आगे बढ़ने की अनुमति मिलने का इंतजार करते रहे, लेकिन पुलिस ने किसी को भी आगे जाने की अनुमति नहीं दी। पुलिस का कहना है कि मौसम में सुधार होने के बाद शनिवार को ही इनको जाने की अनुमति मिलेगी।