उधमपुर। राज्यपाल के सलाहकार के. विजय कुमार ने सलाहकार ने कहा कि सभी विकास कार्य समय पर पूरे किए जाएं। अधिकारी विकास कार्यों की लगातार निगरानी करें और कमियां पाए जाने पर तुरंत कार्रवाई भी करें। जिले में दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि जल्द ही डाक्टरों के साथ अन्य स्टाफ की कमी को पूरा किया जाएगा।
सलाहकार शुुक्रवार को डीसी कार्यालय के कांफ्रेंस हाल में जिला विकास आयुक्त सहित सभी सरकारी विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। इसमें जिले में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कहा कि लोगों को बेहतर सुविधाएं प्रदान की जाएं। उन्होंने कहा कि जिन विकास कार्यों में फंड की कमी या फिर समय पर फंड न मिलने की परेशानी सामने आ रही है, उसे लेकर विशेष तौर पर प्रयास किए जाएं। किसी भी हाल में विकास कार्यों में देरी नहीं होनी चाहिए।
जिला विकास आयुक्त रविंद्र कुमार ने सलाहकार को देविका प्रोजेक्ट, सुभाष स्टेडियम के विकास कार्य, ईओसी इमारत का निर्माण कार्य, कचरा निस्तारण संयंत्र, संगूर में बनने वाले मनोरंजन पार्क, चिनैनी-चंपैड़ी के मोटरेबल ब्रिज, जीएनएम स्कूल, जिला अस्पताल में बनने वाले 50 बेड के एमसीएच विंग, नर्सिंग कालेज, चंपैड़ी में बनने वाले कोल्ड स्टोरेज बिल्डिंग के बारे में जानकारी दी।
जिला विकास आयुक्त रविंद्र कुमार ने बताया कि 2017 में जिले में खेल के पांच मैदान तैयार किए गए हैं। जबकि इस वर्ष 85 खेल के मैदान प्रस्तावित किए गए हैं। सलाहकार ने सुभाष स्टेडियम के पवेलियन के निर्माण कार्य को लेकर पीडब्ल्यूडी को सप्ताह के अंदर रुढ़की से आर्किटेक्ट डिजाइन की मंजूरी लेने के निर्देश दिए। चिनैनी-चंपैड़ी मोटरेबल ब्रिज की स्टेटस रिपोर्ट तीन दिन के अंदर जमा कराने को कहा। कचरा निस्तारण संयंत्र को लेकर सलाहकार ने जल्द से जल्द पेड़ों की नीलामी और कटाई का काम पूरा करने को कहा। उन्होंने डीएफओ को डायेक्टर सोशल फारेस्टरी के साथ प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने वन विभाग को राजमार्ग के किनारों सहित कई स्थानों पर ज्यादा से ज्यादा से पौधरोपण करने को कहा।
डीडीसी ने सलाहकार को बताया कि उधमपुर में निकाय चुनाव के लिए 41 वार्डों में 68 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं और इनमें चुनाव कराने के लिए 55 आरओ व एआरओ नियुक्त किए गए हैं। बैठक में डिवीजनल कमिश्नर जम्मू संजीव कुमार, आईजीपी जम्मू डॉ. एसडी सिंह व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।