कश्मीर घाटी में मौसम ठीक रहने से पवित्र अमरनाथ यात्रा जारी है। मौसम में सुधार के चलते बालटाल और पहलगाम स्थित नुनवन के आधार शिविरों से यात्रा को समय पर रवाना किया गया। नुनवन और बालटाल आधार शिविरों से यात्रा को सुबह के करीब 5 बजे 13वें जत्थे को आगे बढ़ने की अनुमति दे दी गई।
मंगलवार को बाबा बर्फानी की पवित्र गुफा में हिम शिवलिंग के दर्शन के लिए आधार शिविरों से करीब 18,132 भक्त रवाना हुए जबकि पवित्र गुफा में 18,599 श्रद्धालुओं ने बाबा बर्फानी के साक्षात दर्शन किए। पहलगाम के नुनवन आधार शिविर से पैदल यात्रा करने वाले कुल 8,249 श्रद्धालु पवित्र गुफा की ओर रवाना हुए जिनमें 6,795 पुरुष, 1,257 महिलाएं और 197 साधु थे।
जबकि चॉपर सुविधा से कुल 390 श्रद्धालु पवित्र गुफा की ओर बढे़। बालटाल आधार शिविर से पवित्र गुफा की ओर पैदल यात्रा पर जाने वालों की संख्या 7,888 थी जिनमें 6,423 पुरुष, 1,385 महिलाएं, 52 बच्चे और 28 साधु थे जबकि 1605 श्रद्धालु चॉपर सेवा के जरिये पवित्र गुफा की ओर रवाना हुए।