पंजाब के अमृतसर से जम्मू आ रही एक बस में तोतों की बड़ी तस्करी का पर्दाफाश हुआ है। वन्यजीव विभाग की टीम ने पुख्ता सूचना के आधार पर इस बस को शहर के होटल एशिया के बाहर रोका। इसमें से करीब 30 तोते बरामद हुए। बस के चालक और कंडक्टर से वन्यजीव विभाग की ओर से पूछताछ की जा रही है।
वर्ड प्रोटेक्शन एक्ट के तहत चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। विभाग की तरफ से इसकी जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार वन्यजीव विभाग की टीम ने होटल एशिया के बाहर नाका लगाया। अमृतसर से आने वाली एक पंजाब नंबर की बस को रोका गया। उसमें सवार सभी यात्रियों को बस से नीचे उतारकर तलाशी शुरू कर दी गई। बस के पीछे डिक्की में देखा तो वहां पर लोहे के तीन बड़े पिंजरे मौजूद थे। इन पिंजरों में करीब 30 तोते मिले। वन्यजीव विभाग की टीम ने बस को जब्त कर लिया।
मांडा ले जाया गया
सभी तोतों को शहर की मांडा डियर पार्क में ले जाया गया है। वन्यजीव विभाग के वार्डन अमित शर्मा का कहना है कि यह बर्ड एक्ट का उल्लंघन है। इस पर प्रतिबंध लगा हुआ है। यह तोतों पंजाब से लाए गए हैं। मामले में आगे की जांच की जा रही है। इनको जम्मू में अलग-अलग स्थानों पर बेचा जाना था।
पठानकोट से बस में रखे गए
चालक का कहना है कि पठानकोट में जब बस रुकी तो वहां ये तोते किसी ने रख दिए। कहा कि जम्मू पहुंचने पर खुद लेने वाला पहुंच जाएगा। अब जम्मू में ये तोते किस शख्स को लेने थे, इसकी जांच शुरू कर दी गई है।
अमित शर्मा, वार्डन, वन्यजीव विभाग