जम्मू। रियासत में चुनाव ड्यूटी पर तैनात नायब तहसीलदारों ने मांगों के समर्थन में शनिवार को प्रदर्शनी मैदान में एक दिवसीय हड़ताल की। हड़ताल पर जाने से चुनाव का कामकाज प्रभावित हुआ है।
नायब तहसीलदारों ने कहा कि उनकी मांगों को अनसुना किया जा रहा है। चुनाव ड्यूटी में रात दिन सेवाएं ली जा रही हैं। चुनावी प्रक्रिया को पूरा करने के लिए वाहन सुविधा तक नहीं दी गई है। मतदाता सूचियों को बनाने में काफी परेशानी आ रही है। जिला, उपमंडल और तहसील स्तर पर कर्मचारियों की तैनाती भी नहीं की गई है।
तहसीलदार को दो कर्मचारी काम निपटाने के लिए मिलने थे, मगर पद ही रिक्त चल रहे हैं। ऐसे में उन्हें अतिरिक्त काम करना पड़ रहा है। नायब तहसीलदार का ग्रेड भी नहीं मिला है। ईद और अन्य त्योहारों की छुट्टियां भी नहीं मिल रही हैं। राज्य चुनाव आयोग की ओर से जिला, उपमंडल और तहसील स्तर पर काम निपटाने को अतिरिक्त कर्मचारी तैनात किए जाए। उन्होंने कहा कि जल्द ही मांगों को नहीं माना गया तो उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा।
नायब तहसीलदार रतन चंद ने कहा कि मांगों का ज्ञापन राज्यपाल को भेजा गया है। सुविधाओं के अभाव में चुनावी काम निपटाने में परेशानी आ रही है। इस मौके पर जम्मू जिला से नायब तहसीलदार मौजूद रहे।