जम्मू। महान संत गुरु रविदास जी का प्रकाशोत्सव मंगलवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। गुरु के दरबार में हजारों श्रद्धालुओं ने नतमस्तक होकर सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। गुरु के दर्शन कर आशीर्वाद पाने के लिए लोगों की लंबी कतारें लगी। इस दौरान कठुआ, सांबा, हीरानगर, अखनूर सहित अन्य स्थानों से संगत पहुंची। गुरु वाणी से रविदास जी के संदेश को बयां किया।
आल जेएंडके गुरु रविदास सभा की ओर से रविदास जयंती पर कृष्णा नगर गुरुद्वारा में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में नगर निगम मेयर चंद्रमोहन गुप्त मुख्य अतिथि और कांग्रेस नेता रमन भल्ला मौजूद रहे। प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य पर सुबह से ही गुरुद्वारा में भक्तों के आने का सिलसिला शुरू हुआ, जो देर रात तक चलता रहा। इस दौरान पंजाब से आए संगीतकार दिलदार सिंह ने गुरु रविदास पर बने भजने से संगत को जोड़ा। गुरु द्वारा दिए संदेश को भजनों के माध्यम से संगत को सुनाए। गुरु के चरणों में मत्था टेकने के लिए जम्मू, कठुआ, सांबा, हीरानगर, अखनूर सहित अन्य स्थानों से लोग पहुंचे। सुबह भक्तों की संख्या कम दिखी, लेकिन दिन चढ़ते ही भक्ताें की संख्या में काफी इजाफा हुआ। इस दौरान वक्ताओं ने गुरु की शिक्षा और उनके द्वारा दिए मानवता के संदेश पर चलने को कहा गया। कार्यक्रम में मेयर चंद्रमोहन गुप्ता ने कहा कि रविदास जी एक महान संत और समाज सुधारक थे। उन्होंने अपने जीवन में हमेशा समानता और भाईचारे का संदेश दिया है। इस दौरान कार्यक्रम में भजन कीर्तन से माहौल भक्तिमय हुआ। इस दौरान मौजूद वक्ताओं ने पुलवामा आतंकी हमले की कड़ी निंदा की।
गुरुद्वारे की विशेष सजावट की गई थी
गुरु रविदास गुरुद्वारा की विशेष सजावट की गई थी। मुख्य प्रवेश द्वार से लेकर मदिर परिसर को फूलों और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया था। शाम के समय गुरुद्वारे की सजावट मन मोहक थी।
रविदास और अंबेडकर की पुस्तक की हुई खरीदारी
कार्यक्रम स्थल पर लगे पुस्तक प्रदर्शनी में लोगाें ने पुस्तकों की खरीदारी की। पुस्तक प्रदर्शनी में डॉ. भीम राव अंबेडकर, काशी राम, सवित्री बाई फुले सहित अन्य समाज सुधारक की जीवन पर लिखी पुस्तकें थीं। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने पुस्तकों की खरीदारी भी की।